Total Pageviews

Saturday, June 29, 2024

क्षेत्र भाषाविज्ञान (Field Linguistics) क्या है?

 क्षेत्र भाषाविज्ञान (Field Linguistics) क्या है?

क्षेत्र भाषाविज्ञान भाषाविज्ञान की एक शाखा है जिसमें भाषाओं का उनके प्राकृतिक स्वरूप में अध्ययन किया जाता है। इसमें उस भाषा के मातृभाषियों या समुदायों के साथ सीधा संपर्क शामिल होता है। क्षेत्र भाषाविज्ञान में उन भाषाओं का व्यवस्थित दस्तावेज़ीकरण और विश्लेषण किया जाता है जिनका बड़े पैमाने पर अध्ययन नहीं हुआ रहता है या जिनके लुप्त होने का खतरा जान पड़ता है।

 क्षेत्र भाषाविज्ञान में अध्येता उस क्षेत्र में जाता है, जहाँ वह भाषा बोली जाती है। फिर वह उस भाषा के मातृभाषियों के साथ संवाद करते हुए तथा भाषायी ज्ञान संरक्षण के विविध प्रविधियों और टूल्स का प्रयोग करते हुए भाषायी ज्ञान को संग्रहीत करता है। इसके पश्चात उस भाषा का दस्तावेजीकरण किया जाता है।

क्षेत्रीय भाषाविज्ञान के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं-

(क) भाषा दस्तावेज़ीकरण (Language Documentation): इसमें ऑडियो रिकॉर्डिंग, लिखित प्रतिलेख और शब्दकोश जैसे विभिन्न तरीकों के माध्यम से भाषायी डेटा को रिकॉर्ड करने और दस्तावेज़ीकरण करने का कार्य आता है।

(ख) व्याकरण और भाषायी संरचना का विश्लेषण (Analysis of Grammar and Linguistic Structure) : इसके अंतर्गत भाषाओं की अंतर्निहित व्याकरणिक संरचनाओं को समझने के लिए ध्वनि-विश्लेषण (phonetic analysis), ध्वनि-व्यस्था विश्लेषण (phonemic analysis), रूपवैज्ञानिक विश्लेषण (morphological analysis), वाक्यपरक विश्लेषण (syntactic analysis), और अर्थपरक विश्लेषण (semantic analysis) संबंधी कार्य आते हैं।

(ग) सांस्कृतिक संदर्भ (Cultural Context) : इसका संबंध भाषा और संस्कृति के बीच संबंध को पहचानने से है, जिसमें यह जानने का प्रयास किया जाता है कि सांस्कृतिक परंपराओं, प्रथाओं और मान्यताओं को भाषा में कैसे कोडीकृत (encode) किया गया है।

(घ) संकटापन्न भाषाएँ (Endangered Languages) : क्षेत्र भाषाविज्ञान का मुख्य उद्देश्य लुप्तप्राय भाषाओं या कम ज्ञात भाषाओं के संग्रह और संरक्षण की दिशा में करना है। इसी कारण इसमें लुप्तप्राय या अल्पसंख्यक भाषाओं (endangered or minority languages) पर ध्यान केंद्रित किया जाता है, जिनके विलुप्त होने के खतरा दिखाई पड़ता है। आदिवासी भाषाएँ इस श्रेणी की प्रमुख भाषाएँ हैं। क्षेत्र भाषाविज्ञान में इनके संरक्षण और पुनरोद्धार (preservation and revitalization) की दिशा में काम किया जाता है।

उक्त के अलावा क्षेत्र भाषाविज्ञान का संबंध भाषायी टाइपोलॉजी (Linguistic Typology) से भी है, जिसका संबंध मानव भाषाओं में प्राप्त विविधता के पैटर्न को समझने के लिए उनकी संरचनात्मक विशेषताओं के आधार पर भाषाओं की तुलना और वर्गीकरण करने से होता है।

क्षेत्र भाषाविज्ञान में काम करने वाले अध्येता को सीधे-सीधे से उन समुदायों या क्षेत्रों में जाना होता है, जहां लक्षित भाषा बोली जाती है। साथ ही उन्हें वहाँ वक्ताओं के साथ संबंध बनाने, साक्षात्कार आयोजित करने और समुदाय के सदस्यों से सहयोग प्राप्त करने की विविध तकनीकों का प्रयोग करना होता है।

No comments:

Post a Comment