Total Pageviews

Monday, February 6, 2023

मानव मशीन अंतरक्रिया (Human–machine interaction -HMI)

 मानव मशीन अंतरक्रिया (Human–machine interaction -HMI)

 अंतरक्रिया (Interaction) शब्द से तात्पर्य है-  दो पक्षों के बीच एक-दूसरे के साथ की जाने वाली क्रिया| अर्थात जब एक पक्ष द्वारा कोई बात प्रस्तुत की जाती है और दूसरे पक्ष द्वारा इस पर प्रतिक्रिया दी जाती है तो दोनों के बीच होने वाले आदान-प्रदान को अंतर क्रिया कहते हैं। इसे एक चित्र द्वारा निम्नलिखित प्रकार से समझ सकते हैं-


(चित्र संदर्भ लिंक- https://www.researchgate.net/figure/Example-of-human-machine-interaction_fig1_318890215)


जब दो मनुष्य आपस में अंतरक्रिया करते हैं तो पहले द्वारा कही गई बात को दूसरा समझता है तथा उसी के अनुरूप अपना उत्तर देता है। जब मशीन के संदर्भ में बात आती है तो हम जानते हैं कि मशीन के पास सोचने, विचार करने की क्षमता नहीं है या उसके पास संवाद की भाषा भी नहीं है। ऐसी स्थिति में मशीन के साथ सीमित स्तर पर ही अंतरक्रिया की जा सकती है। यह अंतरक्रिया विविध प्रकार की इनपुट आउटपुट डिवाइसों के माध्यम से की जाती है। उदाहरण के लिए कीबोर्ड, माउस, टच स्क्रीन, वॉयस इनपुट आदि मशीन के साथ अंतरक्रिया के माध्यम हैं। इनके माध्यम से हम मशीन को कोई निर्देश देते हैं तो वह आवश्यक प्रतिक्रिया करती है, जैसे- पलकों का प्रयोग करते हुए अपने मोबाइल या लैपटॉप को लॉक या अनलॉक करना दोनों के बीच अंतरक्रिया का एक प्राथमिक उदाहरण है। टच स्क्रीन के माध्यम से विभिन्न एप्स को खोलना और संचालित करना भी अंतरक्रिया का उदाहरण होगा।

 भाषा प्रौद्योगिकी के संदर्भ में मानव मशीन अंतरक्रिया की बात की जाए तो यह लिखित और वाचिक दोनों रूपों में संभव है। कंप्यूटर के विकास के प्रारंभ से ही लिखित रूप में अंतरक्रिया अधिक होती रही है, किंतु वर्तमान में वाचिक रूप में अंतरक्रिया का भी योगदान बढ़ा है। अब तो वॉइस इनपुट और उसके आधार पर मशीन द्वारा की जाने वाली प्रतिक्रिया की शुद्धता में वृद्धि देखी जा सकती है। आज एलेक्सा, गूगल असिस्टेंट जैसी अनेक सुविधाएं हैं, जिनमें हम सीधे-सीधे बोलकर मशीन के साथ अंतरक्रिया कर सकते हैं। इस क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धि के प्रयोग भी खूब बढ़े हैं। चैट जीपीटी तो इस क्षेत्र में क्रांतिकारी सिद्ध हो रहा है, जिसकी वर्तमान में खूब चर्चा हो रही है।


No comments:

Post a Comment