Total Pageviews

Tuesday, August 20, 2024

मीडिया भाषाविज्ञान (Media linguistics)

 मीडिया भाषाविज्ञान (Media linguistics)

मीडिया अथवा जनसंचार (मास कम्युनिकेशन) भाषा व्यवहार का एक बहुत बड़ा क्षेत्र है, जिसकी अपनी लेखन शैली और विशिष्ट विशेषताएं होती हैं। मीडिया की भाषिक सामग्री का विश्लेषण उसके प्रकार्य और विशिष्टता को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए। सामान्य भाषावैज्ञानिक सिद्धांतों से उसकी पूरी तरह उद्घाटन संभव नहीं है। जिस प्रकार 'साहित्य' का विश्लेषण भाषा विज्ञान की स्वतंत्रता शाखा 'शैलीविज्ञान' के माध्यम से किया जाता है, उसी प्रकार मीडिया की भाषा का विश्लेषण भाषा विज्ञान की जिस शाखा या जिस रूप के माध्यम से किया जाता है उसे 'मीडिया भाषा विज्ञान' कहते हैं।

दूसरे शब्दों में हम कह सकते हैं कि 'मीडिया की भाषा के स्वरूप और संरचना आदि का विश्लेषण करने के लिए भाषा विज्ञान के जिस प्रक्षेत्र या अंतरानुशासनिक शाखा का प्रयोग किया जाता है, उसे मीडिया भाषा विज्ञान कहते हैं। एक विषय क्षेत्र के रूप में इसकी सामग्री 'भाषा और मीडिया' या 'मीडिया और भाषा' शीर्षक के अंतर्गत आती है। 

मीडिया भाषा विज्ञान के माध्यम से मीडिया के विविध रूपों प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल मीडिया, आउटडोर मीडिया आदि में प्रयुक्त भाषा को उसके स्वरूप एवं संप्रेषणात्मक क्षमता को ध्यान में रखते हुए अध्ययन किया जाता है। इसमें प्रोक्ति विश्लेषण, अर्थविज्ञान, शैलीविज्ञान, भाषा और नवीन तकनीकें, रीतिविज्ञान, समाजभाषाविज्ञान आदि की सक्रिय सहायक भूमिका होती है। 

मीडिया भाषाविज्ञान (Media Linguistics) की तरह मीडिया शैलीविज्ञान (Media Stylistics) की भी बात की जाती है, जिसका उद्देश्य मीडिया पाठों या मीडिया में प्रयुक्त हो रही भाषिक सामग्री का शैलीपरक विश्लेषण करना होता है। 

No comments:

Post a Comment