Total Pageviews

Thursday, March 3, 2022

भाषा सर्वेक्षण और भाषाविज्ञान

 भाषा सर्वेक्षण और भाषाविज्ञान

इसे समझने से पूर्व ‘भाषाविज्ञान’ के स्वरूप को इस प्रकार से देख सकते हैं-

2.1 सैद्धांतिक भाषाविज्ञान

अध्ययन और उपयोगिता की दृष्टि से भाषविज्ञान के दो पक्षों की बात की जाती है- सैद्धांतिक भाषाविज्ञान और अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान। इनमें सैद्धांतिक भाषाविज्ञान के अंतर्गत भाषा के स्तरों का अध्ययन करने वाली शाखाएँ आती हैं, जिनका हम परिचयात्मक अध्ययन कर चुके हैं। एक चित्र रूप में एक बार पुनः उन्हें इस प्रकार से देखा जा सकता है-

इस चित्र में भाषाविज्ञान की जिन शाखाओं को दर्शाया गया है, वे सभी सैद्धांतिक भाषाविज्ञान के अंतर्गत आती हैं। अतः सैद्धांतिक भाषाविज्ञान में भाषाविज्ञान की निम्नलिखित शाखाएँ आती हैं-

§  ध्वनिविज्ञान/स्वनविज्ञान (Phonetics)

§  स्वनिमविज्ञान (Phonology)

§  रूपविज्ञान (Morphology)

§  वाक्यविज्ञान (Syntax)

§  प्रोक्ति विश्लेषण (Discourse Analysis)

§  अर्थविज्ञान (Semantics)

इस प्रकार हम कह सकते हैं कि सैद्धांतिक भाषाविज्ञान में उपर्युक्त शाखाओं के माध्यम से ‘भाषा की व्यवस्था’ का अध्ययन किया जाता है।

2.2 अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान (Applied Linguistics)

इसका संबंध सैद्धांतिक भाषाविज्ञान के माध्यम से पढ़ी हुई सामग्री (प्राप्त ज्ञान) का अनुप्रयोग (Application) करने से है। उपर्युक्त शाखाओं के माध्यम से अर्जित ज्ञान भाषा का सैद्धांतिक ज्ञान कहलाता है। उस ज्ञान का अनुप्रयोग दो प्रकार से किया जा सकता है-

(क) दूसरी ज्ञानशाखाओं के साथ मिलाकर और अधिक अध्ययन :- इसे अंतरानुशासनिक (Interdisciplinary) अनुप्रयोग कहते हैं।

(ख) व्यावहारिक जीवन के किसी क्षेत्र में अनुप्रयोग :- इसे व्यावहारिक अनुप्रयोग कहते हैं।

अतः सैद्धांतिक और अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान को चित्र रूप में इस प्रकार से देख सकते हैं-

   

इनके अंतर्गत आने वाले विषयों को इस प्रकार से देख सकते हैं-

 अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान : अंतरानुशासनिक (Interdisciplinary)

इसके अंतर्गत कुछ ऐसे विषय आते हैं, जिनमें भाषाविज्ञान दूसरे विषयों के साथ जुड़कर ‘भाषा और इससे संबंधित दूसरी इकाई’ के बारे में और अधिक अध्ययन करता है। भाषा के साथ जुड़ने वाली कुछ इकाइयाँ और उनसे बनने वाली भाषाविज्ञान की शाखाएँ इस प्रकार हैं-

भाषा + मन               = मनोभाषाविज्ञान

भाषा + समाज          = समाजभाषाविज्ञान

भाषा + संज्ञान           = संज्ञानात्मक भाषाविज्ञान

भाषा + साहित्य         = शैलीविज्ञान                               आदि।

 

…….             ……..          ………….

अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान : व्यावहारिक (Practical)

इसके अंतर्गत वे क्षेत्र आते हैं, जिनमें भाषाविज्ञान में अध्ययन के माध्यम से अर्जित ज्ञान का अनुप्रयोग किया जाता है। अर्थात भाषावैज्ञानिक ज्ञान का उपयोग करते हुए व्यावहारिक जीवन में इस क्षेत्रों से संबंधित कार्य किए जाते हैं। ऐसे कुछ प्रमुख क्षेत्र निम्नलिखित हैं-

1. अनुवाद (Translation)

2. भाषा शिक्षण (Language Teaching)

3. कोशविज्ञान एवं कोशनिर्माण (Lexicology and Lexicography)

4. भाषा नियोजन (Language Planning)

5. भाषा सर्वेक्षण (Language Survey)

6. वाक्दोष चिकित्सा (Speech Therapy)               आदि।

इस प्रकार हम देख सकते हैं कि ‘भाषा सर्वेक्षण’ अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान के अंतर्गत व्यावहारिक (Practical) अनुप्रयोग से जुड़ा एक पक्ष है। यह सैद्धांतिक भाषाविज्ञान और समाजभाषाविज्ञान का अनुप्रयुक्त क्षेत्र है।

भाषा सर्वेक्षण से जुड़े हुए विषय

 भाषा सर्वेक्षण से जुड़े हुए विषय

भाषा सर्वेक्षण मुख्यतः 03 विषयों से संबंधित है-

(1) समाजभाषाविज्ञान (Sociolinguistics)

(2) भाषा भूगोल (Geographical linguistics/Geolinguistics)

(3) बोलीविज्ञान (Dialectology)

 

संक्षिप्त परिचय

(1) समाजभाषाविज्ञान (Sociolinguistics)

समाजभाषाविज्ञान भाषा का सामाजिक परिप्रेक्ष्य में अध्ययन करता है। इसके अंतर्गत अध्ययन-विश्लेषण के मुख्य विषय- भाषा और समाज, सामाजिक वर्गों (आयु, वर्ग, क्षेत्र, शिक्षा, व्यवसाय आदि) के आधार पर भाषा भेद, कोड मिश्रण, कोड परिवर्तन, द्विभाषिकता (Bilingualism), बहुभाषिकता (Multilingualism), भाषा प्रभुत्व (Language Dominance), भाषा अंतरण (Language Shift), संकटापन्न भाषा (Endangered Language), भाषा मृत्यु (Language Death), भाषा अनुरक्षण (Language Maintenance) आदि विषयों का अध्ययन किया जाता है।

(2) भाषा भूगोल (Geographical linguistics/Geolinguistics)

भाषा भूगोल का संबंध किसी भौगोलिक क्षेत्र विशेष में प्रचलित भाषाओं संबंधी विविध पक्षों का अध्ययन करना है।

Saussure के अनुसार , "it deals primarily with the study of linguistic diversity across lands, of which there are two kinds: diversity of relationship, which applies to languages assumed to be related; and absolute diversity, in which case there exists no demonstrable relationship between compared languages."

ई-पी.जी. पाठशाला के इस लिंक पर ‘भाषा भूगोल’ के बारे में विस्तार से पढ़ें- http://epgp.inflibnet.ac.in/epgpdata/uploads/epgp_content/S000018HI/P001757/M023482/ET/1506596902HND_P5_M34_Bhashabhugol.pdf

 

(3) बोलीविज्ञान (Dialectology)

बोलीविज्ञान को भाषा भूगोल की एक शाखा की तरह ही देखा गया है। इसकी एक और उपशाखा सामाजिक बोलीविज्ञान (Social Dialectology) नाम से भी विकसित हो गई है। इसी प्रकार ग्रामीण और शहरी (Rural and Urban) बोलीविज्ञान की भी बात की जाती है।

भाषा सर्वेक्षण और भाषा भूगोल (Language Survey and Geographical linguistics)

 भाषा सर्वेक्षण और भाषा भूगोल

ई-पी.जी. पाठशाला के इस लिंक पर ‘भाषा भूगोल’ के बारे में विस्तार से पढ़ें- http://epgp.inflibnet.ac.in/epgpdata/uploads/epgp_content/S000018HI/P001757/M023482/ET/1506596902HND_P5_M34_Bhashabhugol.pdf

इसमें भाषा सर्वेक्षण पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई है।

भाषाविज्ञान के प्रकार (Types of Linguistics)

 भाषाविज्ञान के प्रकार (Types of Linguistics)

भाषाओं के अध्ययन की विषयवस्तु और पद्धति की दृष्टि से भाषाविज्ञान के तीन प्रकार किए जाते हैं-

§  वर्णनात्मक भाषाविज्ञान

§  ऐतिहासिक भाषाविज्ञान

§  तुलनात्मक भाषाविज्ञान

इन्हें हम भाषावैज्ञानिक अध्ययन के तीन प्रकार भी कह सकते हैं।  जैसा कि इनके नाम से भी स्पष्ट है- वर्णनात्मक भाषाविज्ञान किसी एक ही काल बिंदु पर किसी भाषा के स्वरूप का अध्ययन विश्लेषण करता है; ऐतिहासिक भाषाविज्ञान के अंतर्गत एक या एक से अधिक भाषाओं का के ऐतिहासिक विकास का अध्ययन किया जाता है; और तुलनात्मक भाषाविज्ञान का उद्देश्य एक से अधिक भाषाओं की तुलना करते हुए उनके बीच प्राप्त समानताओं और असमानताओं को उद्घाटित करना है। भाषाविज्ञान के उपर्युक्त तीनों प्रकारों को निम्न प्रकार से देख सकते हैं-

§  वर्णनात्मक भाषाविज्ञान  (Descriptive Linguistics)

वर्णनात्मक भाषाविज्ञान में एक समय विशेष में प्रयुक्त होने वाले भाषिक रूपों का अध्ययन-विश्लेषण किया जाता है। यह अध्ययन दो प्रकार से किया जाता है- संरचनात्मक और प्रकार्यात्मक। इन दोनों प्रकारों के आधार पर वर्णनात्मक भाषाविज्ञान में अध्ययन की 02 दिशाएँ बनती हैं-

§  संरचनात्मक भाषाविज्ञान

§  प्रकार्यात्मक भाषाविज्ञान

वर्णनात्मक भाषाविज्ञान में भाषा के सभी स्तरों पर अध्ययन-विश्लेषण का काम किया जाता है, जिन्हें हम स्वनिम, रूपिम, शब्द /पद, पदबंध, उपवाक्य, वाक्य और प्रोक्ति के रूप में जानते हैं। साथ ही ‘स्वन’ और ‘अर्थ’ संबंधी अध्ययन भी वर्णनात्मक भाषाविज्ञान के अंतर्गत ही किया जाता है।  इस संदर्भ में मुख्य बात यह है कि यह अध्ययन केवल एक ही काल खंड या कालबिंदु पर आधारित होता है।

§  ऐतिहासिक भाषाविज्ञान (Historical Linguistics)

ऐतिहासिक भाषाविज्ञान में भाषा में होने वाले परिवर्तनों अध्ययन-विश्लेषण किया जाता है। भाषाविज्ञान के इतिहास की दृष्टि से देखा जाए तो 18वीं शताब्दी के अंत में सर विलियम जोंस के  विचारों के प्रभाव से ऐतिहासिक भाषाविज्ञान का ही सर्वप्रथम विकास हुआ, जिसे अंग्रेजी में ‘फिलोलॉजी’ (Philology) कहते हैं। इसका उद्देश्य विश्व की भाषाओं में हुए परिवर्तनों की खोज करना तथा भाषा-परिवारों के स्थापना करना रहा है।

 किसी  एक भाषा या एक से अधिक भाषाओं में हुए भाषा परिवर्तनों की खोज उसके विभिन्न स्तरों पर की जा सकती है,  जिन्हें इस प्रकार से नाम दिया जाता है-

§  ध्वनि परिवर्तन

§  रूप परिवर्तन

§  वाक्य परिवर्तन

§  अर्थ परिवर्तन

इनमें होने वाले परिवर्तनों की खोज भिन्न-भिन्न प्रकार से की जाती है तथा नियम दिए जाते हैं। इसके अलावा एक से अधिक भाषाओं की तुलना करते हुए उनके पुराने रूपों की खोज करना तथा भाषा परिवारों का निर्माण करना भी ऐतिहासिक भाषाविज्ञान का एक महत्वपूर्ण कार्य रहा है। इस दृष्टि से देखा जाए तो दुनिया की भाषाओं का वर्गीकरण दो प्रकार से किया जाता है-

§  आकृति मूलक वर्गीकरण

 इसमें वर्गीकरण का आधार भाषाओं के रूपरचना को बनाया जाता है।

§  पारिवारिक वर्गीकरण

इसमें भाषाओं की उत्पत्ति और समानताओं के आधार पर भिन्न-भिन्न भाषा-परिवारों का निर्माण किया जाता है, जैसे- भारोपीय भाषा परिवार, आर्य भाषा परिवार, चीनी तिब्बती भाषा परिवार आदि ।

भाषा परिवारों की स्थापना में ऐतिहासिक भाषाविज्ञान के साथ-साथ तुलनात्मक भाषाविज्ञान भी काम करता है ।

§  तुलनात्मक भाषाविज्ञान (Comparative Linguistics)

तुलनात्मक भाषाविज्ञान में एक से अधिक भाषाओं की तुलना की जाती है तथा उनमें मिलने वाली समानताओं और असमानताओं की खोज की जाती है। प्रारंभ में यह ऐतिहासिक भाषाविज्ञान का एक घटक रहा है, जिसका उद्देश्य भाषाओं की तुलना के माध्यम से उनमें पाई जाने वाली समानताओं के आधार पर भाषाओं का वर्गीकरण किया जा सके तथा भाषा परिवारों के स्थापना की जा सके।

 वर्तमान में तुलनात्मक भाषाविज्ञान अपने उस सीमित अर्थ से ऊपर उठकर एक से अधिक भाषाओं  की तुलना तथा उनमें पाई जाने वाली समानताओं और असमानताओं की खोज से संबंधित हो गया है। इस क्रम में एक नया नाम व्यतिरेकी भाषाविज्ञान (Contrastive Linguistics) भी जुड़ गया है, जिसका उद्देश्य भाषा-शिक्षण और अनुवाद की दृष्टि से दो भिन्न-भिन्न भाषाओं में पाई जाने वाली समानताओं और समानता ओं की खोज करना है।

 

भाषाविज्ञान में समकालिक (synchronic) और कालक्रमिक (diachronic) अध्ययन

भाषाविज्ञान के उपर्युक्त प्रकारों को ‘समकालिक और कालक्रमिक अध्ययन’ के रूप में भी जाना जाता है। इस दृष्टि से हम कहते हैं कि भाषा का भाषवैज्ञानिक अध्ययन मुख्यत: तीन विधियों से किया जाता है – समकालिक, कालक्रमिक और तुलनात्मक (synchronic, diachronic and comparative)। भाषा अध्ययन के इतिहास को देखें तो मुख्यत: कालक्रमिक पद्धति आरंभ से चली आ रही थी। इसे ही मूल भाषाविज्ञान के रूप में देखा जाता था। कालक्रमिक और समकालिक अध्ययन में कोई स्पष्ट विभाजन नहीं था। बीसवीं सदी के आरंभ में सस्यूर द्वारा किए गए चिंतन में इनका स्पष्ट विभाजन दिखाई देता है। कालक्रमिक भाषा अध्ययन में विभिन्न काल बिंदुओं पर किसी भाषा के विकास को देखा जाता है। समकालिक भाषा अध्ययन में एक ही काल बिंदु पर किसी भाषा की स्थिति की विवेचना की जाती है।

वैसे देखा जाए तो ‘समकालिक अध्ययन’ (वर्णनात्मक भाषाविज्ञान) कालक्रमिक और तुलनात्मक दोनों ही अध्ययन प्रणालियों का मूल है। इसका प्रयोग करते हुए ये दोनों प्रकार के अध्ययन अत्यंत सरलतापूर्वक किए जा सकते हैं। इस कारण सस्यूर द्वारा समकालिक अध्ययन पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा है –

"Synchronic linguistics will concern the logical and psychological relations that bind together co-existing terms and from a system in the collective mind of speakers. Diachronic linguistics, on the contrary, will study relations that bind together successive terms, not perceived by the collective mind but substituted for each other without forming a system."

इस प्रकार देख सकते हैं कि सस्यूर द्वारा समकालिक अध्ययन को भाषाभाषी के मन:मस्तिष्क के अधिक समीप माना गया है।