Total Pageviews

Tuesday, August 6, 2024

इंटरनेट भाषाविज्ञान (Internet Linguistics)

 आज इंटरनेट पर भाषा के माध्यम से प्रस्तुत की जाने वाली सामग्री का इतना विशाल भंडार विकसित हो चुका है कि उसके भाषिक विश्लेषण के लिए इंटरनेट भाषा विज्ञान जैसे भाषा विज्ञान के क्षेत्र की भी बात की जाने लगी है। इसकी संकल्पना सर्वप्रथम डेविड क्रिस्टल (David Crystal) द्वारा दी गई थी। इंटरनेट भाषा विज्ञान का उद्देश्य इंटरनेट की तकनीक पर उपलब्ध विविध माध्यमों में हो रहे भाषा व्यवहार का भाषिक विश्लेषण करना है। इन विविध माध्यमों में ऑनलाइन एसएमएस, ईमेल, गेम, चैटिंग, कमेंट और विविध वेब पेज आदि पर किया जाने वाला सूचनाओं का आदान-प्रदान सभी आ जाते हैं। इन्हें कंप्यूटर के माध्यम से होने वाला संप्रेषण (computer-mediated communication (CMC)) भी कहा गया है।

इंटरनेट द्वारा संचालित माध्यमों पर प्रयुक्त भाषा सामान्य तरीके से वाचिक या लिखित रूप में अभिव्यक्त भाषा से भिन्न होती है। इस और संकेत करते हुए डेविड क्रिस्टल स्वयं कहते हैं-

"Netspeak is more than an aggregate of spoken and written features... it does things that neither of these other mediums do, and must accordingly be seen as a new species of communication".

Wednesday, July 31, 2024

व्यतिरेकी विश्लेषण क्या है? (What is Contrastive Analysis?)

व्यतिरेकी विश्लेषण वह कार्य है जिसमें दो भाषाओं की तुलना करते हुए उनके बीच प्राप्त होने वाली संरचनागत असमानताओं और समानताओं का विश्लेषण किया जाता है। इसका उद्देश्य भाषा शिक्षण अथवा अनुवाद संबंधी अनुप्रयोग होता है। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो एक भाषा का द्वितीय भाषा के रूप में अथवा विदेशी भाषा के रूप में शिक्षण करने के लिए उस भाषा (L1) और शिक्षार्थी की मातृभाषा (L2) की संरचना में पाई जाने वाली भिन्नता और समानता को खोजने की प्रक्रिया व्यतिरेकी विश्लेषण कहलाती है।

ऐतिहासिक दृष्टि से देखा जाए तो 1960 के दशक में अमेरिका में द्वितीय भाषा अर्जन (Second Language Acquisition-SLA) और शिक्षण के संदर्भ में व्यतिरेकी विश्लेषण का विकास हुआ था| इसकी संकल्पना रॉबर्ट लेडो (Robert Lado) द्वारा दी गई थी। उन्होंने इस विश्लेषण की आवश्यकता की ओर संकेत करते हुए Linguistics Across Cultures (1957) में कहा है-

"Those elements which are similar to [the learner's] native language will be simple for him, and those elements that are different will be difficult".

अतः Robert Lado (1957) का कहना है कि भाषा-अध्ययन में कठिनाइयों का अनुमान दो भाषाओं की तुलना के आधार पर लगाया जा सकता है। उनके अनुसार जिन तत्वों में दोनों भाषाएँ समान होती हैं, उन्हें सीखना अपेक्षाकृत सरल होता है, जबकि जिनमें भिन्नता होती है, वे शिक्षार्थियों के लिए कठिनाई उत्पन्न करते हैं।

व्यतिरेकी विश्लेषण के उद्देश्य

§  दो भाषाओं की समानताओं और भिन्नताओं का पता लगाना।

§  द्वितीय भाषा-अधिगम में आने वाली कठिनाइयों का पूर्वानुमान करना।

§  भाषा-शिक्षण सामग्री तैयार करने में सहायता करना।

§  अनुवाद एवं भाषा-अध्ययन को अधिक प्रभावी बनाना।

§  मातृभाषा के प्रभाव (Language Transfer) को समझना।

 


व्यतिरेकी विश्लेषण (Contrastive Analysis) की विधि

 

व्यतिरेकी विश्लेषण दो भाषाओं के बीच संरचना के स्तर पर पाए जाने वाली असमानता और समानता को तुलना के माध्यम से खोजने की प्रक्रिया है। यह समानता और असमानता को खोजने का कार्य भाषा के सभी स्तरों पर किया जाता है, जिनमें 'स्वनिम से लेकर वाक्य' तक के स्तरों का विशेष रूप से ध्यान रखा जाता है। इसके साथ 'ध्वनि' और 'अर्थ' के स्तर पर भी देखा जाता है। इसे निम्नलिखित प्रकार से समझ सकते हैं-

भाषा एक (L1)                    भाषा दो (L2)



इस विश्लेषण के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाता है कि इनमें से प्रथम भाषा को द्वितीय भाषा के मातृभाषी को शिक्षण किया जाए तो उसे सीखने में किस प्रकार की समस्याएं आ सकती हैं और क्या वे समस्याएं दोनों भाषाओं के बीच प्राप्त संरचनागत समानता और असमानता के कारण हो रही हैं।

व्यतिरेकी विश्लेषण का कार्य भाषा के सभी स्तरों पर किया जाता/ जा सकता है। दोनों भाषाओं के बीच जिस स्तर पर व्यतिरेक प्राप्त होता है, उसी के अनुरूप शिक्षण बिंदु तैयार किए जाते हैं। उदाहरण के लिए शब्द संरचना में भिन्नता प्राप्त होने पर उसके लिए विशेष पाठ बिंदुओं का चयन किया जाएगा। इसे एक भाषा के उदाहरण से समझने का प्रयास करें तो संस्कृत या उससे निकली हुई आधुनिक भारतीय भाषाओं, जैसे- हिंदी में 'संधि' होती है जबकि पश्चिमी भाषाओं में संधि नहीं होती। अतः 'संस्कृत' या उससे निकली हुई आधुनिक भारतीय भाषाओं, जैसे- हिंदी आदि का यूरोपीय देशों में शिक्षण करने पर संधि के लिए विशेष शिक्षण पाठ तैयार करने होंगे।

व्यतिरेकी विश्लेषण के विद्वानों (राबर्ट लेडो) का इस संदर्भ में कथन है कि यदि शिक्षण की जाने वाली भाषा और शिक्षार्थी की मातृभाषा के बीच संरचनागत समानता है तो उसे सीखने में सरलता होती है, जबकि भिन्नता होने पर उसे कठिनाई हो सकती है।

व्यक्तिरेकी विश्लेषण (Contrastive Analysis) और व्यतिरेकी भाषाविज्ञान (Contrastive Linguistics)

1960 के दशक से ही व्यतिरेकी  विश्लेषण भाषा शिक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण भाषा विश्लेषण पद्धति के रूप में उभरकर सामने आया है। 'भाषा शिक्षण' भाषाविज्ञान का एक आधारभूत अनुपयुक्त क्षेत्र है। व्यतिरेकी विश्लेषण भाषा शिक्षण के लिए आधारभूत सैद्धांतिक सामग्री प्रदान करता है। ऐसी स्थिति में व्यतिरेकी विश्लेषण स्वतः ही भाषाविज्ञान की एक महत्वपूर्ण विश्लेषण प्रणाली बन जाती है, जो भाषा शिक्षण के लिए दो भाषाओं के बीच तुलनात्मक संरचनागत सामग्री प्रदान करती है।

व्यतिरेकी  विश्लेषण की भाषाविज्ञान में उपयोगिता को देखते हुए ही इस प्रणाली को कुछ विद्वानों द्वारा व्यतिरेकी  भाषाविज्ञान नाम भी दिया गया है। यही कारण है कि भाषाविज्ञान में व्यतिरेकी  भाषाविज्ञान शब्द भी देखने को मिलता है।

अंग्रेजी में इसे Contrastive linguistics और differential linguistics भी कहा गया है। विकिपेडिया में इसके बारे में कहा गया है-  "Contrastive linguistics is a practice-oriented linguistic approach that seeks to describe the differences and similarities between a pair of languages ".

सैद्धांतिक दृष्टि से देखा जाए तो व्यतिरेकी भाषाविज्ञान (Contrastive Linguistics) एक विषय क्षेत्र है तो व्यतिरेकी विश्लेषण (Contrastive Analysis) एक अनुप्रयोगात्मक पद्धति। इन दोनों के विषय क्षेत्र एवं कार्यप्रणाली में अंतर भी किया जा सकता है, जिसे निम्नलिखित प्रकार से दर्शा सकते हैं-

आधार

व्यतिरेकी भाषाविज्ञान (Contrastive Linguistics)

व्यक्तिरेकी विश्लेषण (Contrastive Analysis)

स्वरूप

भाषाविज्ञान की एक शाखा

अध्ययन की एक पद्धति

उद्देश्य

भाषाओं की समानताओं और भिन्नताओं का वैज्ञानिक वर्णन

भाषा-अधिगम की कठिनाइयों का पूर्वानुमान

क्षेत्र

व्यापक

अपेक्षाकृत सीमित

उपयोग

भाषावैज्ञानिक अनुसंधान, अनुवाद, टाइपोलॉजी

भाषा-शिक्षण, त्रुटि-विश्लेषण

केंद्र

भाषा-प्रणालियाँ

शिक्षार्थी और भाषा-अधिगम

 

इसे एक उदाहरण से हम इस प्रकार से समझ सकते हैं कि “यदि हिंदी और अंग्रेज़ी की तुलना की जाए, तो व्यतिरेकी भाषाविज्ञान दोनों भाषाओं की ध्वनि, शब्दरचना, वाक्यरचना और अर्थ-संरचना का विस्तृत वर्णन करेगा। जबकि व्यक्तिरेकी विश्लेषण यह बताएगा कि हिंदीभाषी शिक्षार्थियों को अंग्रेज़ी सीखते समय किन बिंदुओं पर कठिनाई हो सकती है, जैसे अंग्रेज़ी के Articles (a, an, the) का प्रयोग या काल-प्रणाली (Tense System)।”