Total Pageviews

Sunday, April 3, 2022

शब्दकोश और प्रविष्टि (Lexicon and Entry)

 शब्दकोश और प्रविष्टि (Lexicon and Entry)

शब्दकोश किसी भाषा की प्रविष्टियों और उनसे संबंधित सूचनाओं का विशाल संकलन होता है। अतः संक्षेप में देखते हैं कि प्रविष्टि क्या है?

प्रविष्टि (Entry) :- किसी शब्दकोश में संकलित शीर्ष शब्द तथा उनसे संबंधित व्याकरण और अर्थ संबंधी सूचनाएँ, प्रविष्टि कहलाती हैं। इन्हें शीर्ष शब्द (Head Word) द्वारा गिना या देखा जाता है।

प्रविष्टि का प्रारूप

शीर्ष शब्द [उच्चारण] (व्युत्पत्ति) [व्या.सूचना] अर्थ; लाक्षणिक अर्थ, मुहावरे और लोकोक्तियों में शीर्ष शब्द का प्रयोग, उदाहरण वाक्य, चित्र

उदाहरण :-

वर्धा हिंदी शब्दकोश से

अँधेरा (सं.) [सं-पु.] 1. प्रकाश या उजाले के न होने की स्थिति या भाव; अंधकार; तमस; तिमिर 2. धुँधलापन 3. धुंध; कुहासा 4. {ला-.} निराशा; उदासी। [वि.] प्रकाशहीन; अंधकारपूर्ण। [मु.] -होना : बुरा समय आना; कुछ समझ में न आना; जड़ हो जाना। -छा जाना : बहुत अंधकार होना; जीवन संकटग्रस्त होना। अँधेरे घर का उजाला : किसी घर की प्रतिष्ठा; इकलौती संतान; बहुत सुंदर। अँधेरे मुँह : उजाला होते ही; भोर होते ही; सुबह-सुबह। अँधेरे में टटोलना : अनजान जगह में कुछ मालूम करने की कोशिश करना; व्यर्थ कोशिश करना। अँधेरे में रखना : वास्तविक बात या तथ्य को न कहना; कुछ छुपा लेना; अनभिज्ञ रखना। अँधेरे में तीर चलाना : अनुमान से कोई काम करना; अँधेरे में कुछ खोजना या टटोलना; तुक्का मारना।

 

किसी प्रविष्टि में दी जाने वाली आवश्यक सूचनाएँ

शीर्ष शब्द [व्या.सूचना] अर्थ

इनका संक्षिप्त परिचय निम्नलिखित है-

शीर्ष शब्द :- वह शब्द जिसके बारे में शब्दकोश में प्रविष्टि बनाई जाती है, शीर्ष शब्द होता है। प्रयोक्ता द्वारा शीर्ष शब्द के माध्यम से ही शब्दकोश में सूचनाओं को खोजा जाता है।

[व्या.सूचना] :- इसमें निम्नलिखित बाते आती हैं-

§  शब्दभेद , जैसे- संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण आदि।

§  शब्दभेद से संबंधित व्याकरणिक कोटि, जैसे- संज्ञा है तो पुल्लिंग या स्त्रीलिंग।

§  मुहावरे, लोकोक्ति आदि होने संबंधी सूचना।

o  उदाहरण के लिए वर्धा हिंदी शब्दकोश में निम्नलिखित व्याकरणिक सूचनाएँ दी गई हैं-

·       [सं-पु.] संज्ञा पुल्लिंग

·       [सं-स्त्री.] संज्ञा स्त्रीलिंग

·       [सर्व.] सर्वनाम

·       [वि.] विशेषण

·       [क्रि-स.] क्रिया सकर्मक

·       [क्रि-अ.] क्रिया अकर्मक

·       [अव्य.] अव्यय

·       [क्रि.वि.] क्रिया विशेषण

·       [पूर्वप्रत्य.] पूर्वप्रत्यय

·       [परप्रत्य.] परप्रत्यय

·       [क्रि-सहा.] क्रिया सहायक

·       [मु.] मुहावरा

·       [यो.] योजक

·       [नि.] निपात

·       [पर.] परसर्ग

·       [लोको.] लोकोक्ति

संदर्भ-  कोश-वर्धा-हिंदी-शब्दकोश-संपादन-राम-प्रकाश-सक्सेना--भूमिका.cspx

अर्थ :- अर्थ के अंतर्गत शब्द के प्रचलित पर्याय दिए जाते हैं, जैसे- वृक्ष = पेड़। इसके अलावा व्याख्या, परिभाषा आदि भी आवश्यकतानुसार देते हैं। किसी शब्द के एक से अधिक अर्थ होने पर सबसे पहले सर्वाधिक प्रचलित अर्थ दिया जाता है।

यदि किसी शब्द का एक से अधिक शब्दभेदों (Parts of Speech) में प्रयोग होता है तो सबसे पहले सर्वाधिक प्रचलित शब्दभेद में अर्थ दिया जाता है। उदाहरण-

आख़िर (.) [सं-पु.] 1. अंत; समाप्ति 2. फल; परिणाम; नतीजा। [वि.] अंत में होने वाला; अंतिम। [क्रि.वि.] अंततः; अंत में चल कर।

No comments:

Post a Comment