Total Pageviews

Tuesday, January 2, 2018

MS Word: कैसे हटे हाइपरलिंकों की अंडरलाइनें?

MS Word: कैसे हटे हाइपरलिंकों की अंडरलाइनें?
बालेंदु शर्मा दाधीच (फेसबुक वाल से)
जब आप माइक्रोसॉफ़्ट वर्ड के किसी डॉक्यूमेंट में कोई वेब लिंक डालते हैं तो वह नीले रंग में अंडरलाइन टेक्स्ट के रूप में दिखाया जाता है। ऐसे में वह अलग से दिखाई देता है। बहरहाल, ज़रूरी नहीं कि आप हर बार उसे इसी रूप में देखना चाहें। हो सकता है कि आप उसे कोई अलग रंगरूप देना चाहें या फिर सामान्य टेक्स्ट की ही तरह बिना अंडरलाइन किए काले अक्षरों में देखना चाहें। आप लिंक टेक्स्ट को सलेक्ट करते हैं और फिर फॉन्ट का रंग बदलने की कोशिश करते हैं। ऐसा बड़ी आसानी से हो जात है। लेकिन डॉक्यूमेंट में जितने लिंक हैं, सब पर जाकर यूँ ही रंग बदलना होगा। ऐसा कर भी लें तो एक समस्या बनी रहती है कि टेक्स्ट की अंडरलाइन को कैसे हटाएँ? आप टेक्स्ट सलेक्ट करके वर्ड के रिबन मेनू में अंडरलाइन वाला बटन दबाते हैं लेकिन उससे कुछ नहीं होता। अब?
असल में माइक्रोसॉफ़्ट वर्ड आपके लिंक पर एक खास स्टाइल एप्लाई करता है जो उसमें पहले से डिफाइन की गई है। इस स्टाइल में टेक्स्ट नीला और अंडरलाइन करके दिखाने की व्यवस्था है। जब भी आप कोई लिंक डालेंगे, वर्ड हर बार उसी स्टाइल को एप्लाई करेगा। तो अंडरलाइन हटाने या किसी और किस्म का बदलाव करने के लिए आपको खुद उस स्टाइल को ही संपादित करना होगा। पढ़ने सुनने में यह मुश्किल सा काम लग रहा है लेकिन है नहीं। माइक्रोसॉफ्ट वर्ड के होम टैब में स्टाइल्स नामक सेक्शन दिखाई देगा। इसमें दाएँ सबसे नीचे एक छोटा सा बॉक्स है जिसमें तीर का निशान बना है। इस पर क्लिक कीजिए। इससे एक डॉयलॉग बॉक्स खुलेगा जिसमें कई स्टाइलों के नाम दिए हैं। इनमें सबसे नीचे है- हाइपरलिंक। इस पर माउस लाने पर एक कॉम्बो बोक्स बन जाता है जिसमें तीर का निशान दिया है। इस निशान पर क्लिक कीजिए और मॉडीफाइ ऑप्शन पर क्लिक कीजिए। अब एक बॉक्स खुलेगा जिसमें हाइपरलिंक की स्टाइल का ब्यौरा दिखाई देगा। यानी टेक्स्ट का रंग नीला और अंडरलाइन बटन पहले से क्लिक किया हुआ। आप अपनी पसंद का रंग चुन लीजिए और अंडरलाइन वाले बटन को अन-क्लिक कर दीजिए। आप चाहें तो दूसरी मनपसंद फॉरमैटिंग भी कर सकते हैं, जैसे फॉन्ट या फॉन्ट साइज बदलना। आप चाहें तो नीचे दिए फॉरमैट बटन को क्लिक करके तरह तरह के टेक्स्ट इफेक्ट (छाया आदि) भी बना सकते हैं। अब ओके बटन दबाइए और आप पाएंगे कि आपके पूरे दस्तावेज के हाइपरलिंक के नीचे से अंडरलाइन हट गई है और टेक्स्ट पसंदीदा ढंग से फॉरमैट हो गया है।

No comments:

Post a Comment